जिला जेल में बंद दुष्कर्म के आरोपी ने लगाई फांसी, मचा हड़कंप
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
जांजगीर-चांपा, 9 जून। जिले की जिला जेल खोखरा में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दुष्कर्म के एक आरोपी का शव जेल परिसर के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। आरोपी को एक दिन पहले ही न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदा थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी दुवास केवट को 8 जून को न्यायालय के आदेश पर जिला जेल खोखरा भेजा गया था। मंगलवार सुबह जेल कर्मियों ने उसका शव बाथरूम में कपड़े के फंदे से लटका हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों की निगरानी को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



No comments:
Post a Comment