चोरी के मामलों में बिल्हा पुलिस को बड़ी सफलता, शातिर चोर गिरफ्तार
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिलासपुर। थाना बिल्हा पुलिस ने चोरी की वारदातों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी रात्रि के समय सूने मकानों और सरकारी क्वार्टरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बिल्हा में वर्ष 2026 के अंतर्गत दर्ज चार अलग-अलग चोरी प्रकरणों (अपराध क्रमांक 38/2026, 52/2026, 63/2026 एवं 72/2026) में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर चोरी एवं नकबजनी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए सामान की बरामदगी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्री डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिल्हा द्वारा टीम गठित की गई।
दिनांक 05 फरवरी 2026 की रात्रि में पुलिस गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति, जो सिर में लाल रंग का गमछा पहने हुए था, बिल्हा रेलवे स्टेशन स्थित शासकीय क्वार्टर के पास पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास कर रहा था। संदेह होने पर पुलिस ने उसे मौके पर पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अशोक दास मानिकपुरी, पिता स्व. बहोरिक दास मानिकपुरी, उम्र 27 वर्ष, निवासी कर्मा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बिल्हा एवं चकरभाठा क्षेत्र में चार स्थानों पर रात्रि में चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से चोरी गया एक लैपटॉप, 12 पैकेट सिगरेट एवं 2 पैकेट राजश्री गुटखा जप्त किया गया है। चोरी की नकद राशि खर्च हो जाने की बात आरोपी ने स्वीकार की है।
पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी गई, जिसके पश्चात उसे न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, सउनि राधेलाल धुर्वे, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे, अमर चंद्रा, संतोष यादव, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की सराहनीय भूमिका रही।


No comments:
Post a Comment