बिलासपुर में दिल तोड़ने वाले प्रेमी युवक के दिल में चाकू घोंपकर हत्या, प्रेमिका युवती गिरफ्तार, जानें पूरा घटना
संपादक - एम के सरकार
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी के पास स्थित गौरा-गौरी मंदिर परिसर शनिवार को प्रेम-प्रसंग में बदल गई खूनी वारदात का गवाह बना। किराये के मकान में रहकर होटल में काम करने वाले 25 वर्षीय युवक की उसकी गर्लफ्रेंड ने चाकू से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
मृतक की पहचान कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25), पिता दूज राम सूर्यवंशी, निवासी ग्राम करा के रूप में हुई है। वह शुभम विहार क्षेत्र में किराये पर रहकर होटल स्टाफ का काम करता था।
एक क्लिक बना मौत की वजह
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक द्वारा मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से नाराज़ गर्लफ्रेंड के साथ विवाद हुआ। कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर युवती ने पास में रखे चाकू से युवक पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
झलमला की रहने वाली आरोपी युवती हिरासत में
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती मूलतः सीपत थाना क्षेत्र के झलमला गांव की निवासी है, जो वर्तमान में बिलासपुर के कुडूदंड इलाके में किराये के मकान में रह रही थी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल को सील कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रेम संबंध में हत्या, पुलिस जांच में जुटी
सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा है और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में सन्नाटा, लोगों में दहशत
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जुटा रही है।

No comments:
Post a Comment