मनरेगा बचाव संग्राम: बिल्हा में कांग्रेस का धरना, धान खरीदी तिथि बढ़ाने की मांग पर चक्का जाम
संपादक - एम के सरकार
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिल्हा (बिलासपुर)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिल्हा द्वारा मनरेगा बचाव संग्राम के तहत धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान किसानों की धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर सांकेतिक चक्का जाम किया गया। बाद में तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यक्रम के तहत शनिचरी से पदयात्रा निकाली गई, जो गांधी चौक पहुंची। यहां महात्मा गांधी को नमन करते हुए माल्यार्पण किया गया तथा रामधुन का गायन हुआ। धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, प्रभारी सुधीर सिंह, नाजिम खान सहित बिल्हा विधानसभा के पूर्व विधायक श्री सियाराम कौशिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने भाजपा सरकार को मजदूर और किसान विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना को षड्यंत्रपूर्वक कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें मिलकर जनता को ठगने का काम कर रही हैं। बिजली बिल, धान खरीदी, मनरेगा एवं महतारी वंदन जैसी योजनाओं में सरकार विफल रही है और प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं।
पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने कहा कि मनरेगा कांग्रेस सरकार, विशेषकर प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की देन है। केंद्र सरकार द्वारा राज्यों के अंशदान को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत करना राज्यों पर असंभव बोझ है, जिससे मजदूरों की आजीविका की यह महत्वपूर्ण योजना बंद होने की कगार पर पहुंच रही है। वहीं नाजिम खान और सुधीर सिंह ने भी भाजपा सरकार को जनविरोधी बताते हुए कड़ा प्रहार किया।
गीतांजलि कौशिक ने कहा कि वर्ष 2005 में यूपीए सरकार के दौरान मनरेगा अधिनियम लाया गया था, जबकि वर्तमान सरकार गरीबों के अधिकार छीनने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम का संचालन आंशु निर्मलकर ने किया तथा आभार प्रदर्शन ब्लॉक अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने किया। धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष विमल अग्रवाल, नानक रेलवानी, केशव पांडे, ब्रजेश शर्मा, देवी सिंह ठाकुर, हजारी भारद्वाज, रोहिणी नौबतका, मनोज वर्मा, जेपी तिवारी, प्रकाश बिंदल, घनश्याम डहरिया, इंद्राणी कौशिक, राहुल राजपूत सहित पार्षद व बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment