शाम से शुरू हुई बारिश देर रात तक होती रही, सामान्य से 6 डिग्री घटकर 33.5 डिग्री दर्ज हुआ तापमान, दोपहर को उमस ने परेशान किया
पं. गणेशदत्त राजू तिवारी की रिपोर्ट
'हमसफर मित्र न्यूज'
बिलासपुर। जिले में राज्य से ज्यादा औसत वर्षा होती है। राज्य में हर साल औसत वर्षा 1142.1 मिमी होती है। वहीं बिलासपुर में 1173.2 मिमी औसत वर्षा होती है। यानी 31.1 मिमी अधिक वर्षा जिले में होती है। 12 जून की स्थिति में 80 मिमी वर्षा हो चुकी है। जिले में मानसून दस्तक दे चुका है। उसके असर से बारिश हो रही है।
शुक्रवार और शनिवार को शाम और रात को बारिश हुई। इससे पहले प्री मानसून के असर से बारिश हुई। इधर रविवार को भी दोपहर बाद बारिश हुई। हालांकि बारिश फिर थम गई और लोगों को उमसभरी गर्मी की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 6 डिग्री कम रहा। एक दिन पहले शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। वहीं शनिवार की रात को शहर में 16.8 मिमी वर्षा हुई। शनिवार की रात को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जिले में मानसून आने के बाद अच्छी वर्षा होती है। जिले में सबसे ज्यादा 1234.6 मिमी मस्तूरी तहसील तो 1206.1 मिमी कोटा, 1205.1 मिमी तखतपुर, 1166 मिमी बिलासपुर तो 1054.2 मिमी बिल्हा तहसील में होती है।
मौसम विभाग के अनुसार अब पूरे प्रदेश में छा गया मानसून
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्यप्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। यह संपूर्ण छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से, संपूर्ण उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, उत्तरी हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी पंजाब के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है।
निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी और पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के आसपास के तटीय क्षेत्रों पर बना हुआ है और चक्रवात दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। इसके अगले 2-3 दिनों के दौरान ओडिशा, झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। 14 जून को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने तथा एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की भी संभावना है।
बेलगहना के पास अरपा नदी में आया पानी
अरपा भैंसाझार बैराज में अभी 63.2 फीसदी पानी है। मानसून की शुरूआत के दौरान ही जलभराव अधिक होने और पेंड्रा क्षेत्र में हुई बारिश की वजह से बैराज से पानी छोड़ा जाएगा। पिछले साल हुई बारिश से बैराज 100 फीसदी भर गया था। तब पानी छोड़ने के बाद अभी भी 63.2 फीसदी पानी बैराज में भरा हुआ है।


No comments:
Post a Comment