सिविल कोर्ट के वरिष्ठ कर्मचारी चंद्रशेखर तिवारी का आकस्मिक निधन
30 वर्षों से अधिक की सेवायात्रा का हुआ अंत, गोढ़ी गांव में शोक की लहर
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिल्हा/बिलासपुर। सिविल कोर्ट बिल्हा/बिलासपुर में तीन दशक से अधिक समय तक अपनी सेवाएं देने वाले चंद्रशेखर तिवारी का आज आकस्मिक निधन हो गया। करीब 57 वर्ष की उम्र में उनके असमय निधन की खबर से गोढ़ी सहित बिल्हा और बिलासपुर क्षेत्र में शोक की लहर है।
चंद्रशेखर तिवारी अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए परिचित थे। उन्होंने सिविल कोर्ट में बाबू के रूप में लगभग 30 वर्षों से अधिक समय तक सेवाएं देते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। उनके सहकर्मियों और परिचितों के बीच उनकी एक सरल एवं व्यवहारकुशल व्यक्ति के रूप में पहचान थी।
परिवार के सबसे बड़े पुत्र थे चंद्रशेखर
चंद्रशेखर तिवारी स्वर्गीय मिठाई लाल तिवारी के पुत्र थे। वे दो बहनों और तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके बाद मंझले भाई चंद्रप्रकाश तिवारी तथा छोटे भाई स्वर्गीय जयप्रकाश (जे.पी.) तिवारी थे।
यह परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक संयोग है कि कुछ समय पहले ही परिवार ने छोटे भाई जे.पी. तिवारी को असमय खोया था। जे.पी. तिवारी बिल्हा क्षेत्र के प्रथम युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके थे और जनसेवा से जुड़े रहे थे। 4 सितंबर को उनके जन्मदिवस पर उनकी स्मृतियों को याद करते हुए श्रद्धांजलि लेख प्रकाशित किया गया था। अब उनके बड़े भाई चंद्रशेखर तिवारी का अचानक निधन परिवार के लिए एक और गहरा आघात है।
परिवार पर टूटा दुःखों का पहाड़
चंद्रशेखर तिवारी अपने पीछे पत्नी और बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके बच्चे वर्तमान में मेडिकल क्षेत्र की पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चों के भविष्य को लेकर उनके अनेक सपने थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
गोढ़ी, बिल्हा स्थित उनके निवास पर निधन की खबर पहुंचते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों का पहुंचना शुरू हो गया। हर कोई उनके सहज व्यवहार और आत्मीय व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है।
चंद्रशेखर तिवारी का जाना केवल उनके परिवार की ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की क्षति है, जिन्होंने उनके साथ जीवन के विभिन्न पड़ावों पर समय बिताया। उनकी स्मृतियां सदैव उनके परिजनों और शुभचिंतकों के हृदय में जीवित रहेंगी।
हंसफर मित्र न्यूज परिवार स्वर्गीय चंद्रशेखर तिवारी के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है और दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति।
भावपूर्ण श्रद्धांजलि।👃


No comments:
Post a Comment