बिल्हा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, प्रेम जाल में फंसाकर एक साल तक शोषण, शादी से इंकार पर आरोपी गिरफ्तार
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिलासपुर, 1 मई 2026। जिला बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित रूप से प्रेम जाल में फंसाकर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 30 अप्रैल 2026 को थाना बिल्हा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी रोशन कुमार उर्फ नानू लहरे (उम्र 20 वर्ष), निवासी सम्बलपुरी, थाना बिल्हा, ने पहले जान-पहचान बढ़ाई और शादी का झांसा देकर 18 अगस्त 2025 से लगातार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया और पीड़िता को जान से मारने की धमकी देने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टण्डन के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद 1 मई 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

No comments:
Post a Comment