मोपका में चाकूबाजी से युवक की हत्या, 5 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र के मोपका चौक में आपसी विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर 3 आरोपियों सहित 2 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अभय यादव (19 वर्ष) निवासी गुड़ीपारा, संतोषी चौक मोपका ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े पिता के बेटे ओमप्रकाश यादव का एक युवती से परिचय था। इसी बात को लेकर 1 मई 2026 को सुरेन्द्र गैरेज के पास रहने वाले अजीत सूर्यवंशी और उसके साथियों से विवाद हुआ था।
इस विवाद को सुलझाने के लिए 2 मई की रात करीब 10:30 बजे ओमप्रकाश यादव अपने साथियों अभिषेक यादव, पंकज साहू और अजय साहू के साथ मोपका चौक स्थित कलकत्ता स्वीट्स के पास पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान आरोपी आशीष सूर्यवंशी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से अभिषेक यादव के गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य आरोपियों ने ओमप्रकाश यादव के साथ भी मारपीट की, जिससे उसे भी चोटें आईं। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक यादव को मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
आशीष सूर्यवंशी (22 वर्ष)
महावीर सूर्यवंशी (23 वर्ष)
रघुवीर सूर्यवंशी (26 वर्ष)
02 विधि से संघर्षरत बालक
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




No comments:
Post a Comment