चकरभाठा में संपन्न हुआ ‘बिलासा छालीवुड एवं छत्तीसगढ़ रत्न अवॉर्ड’ कार्यक्रम, कलाकारों और समाजसेवियों का हुआ सम्मान
संपादक - 'एम के सरकार', बिल्हा
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिल्हा । 15 मार्च रविवार। बिलासपुर जिले के चकरभाठा बस्ती स्थित खेल मैदान में शनिवार शाम भव्य “बिलासा छालीवुड एवं छत्तीसगढ़ रत्न अवॉर्ड शो” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से देर रात करीब 2:30 बजे तक चला, जिसमें छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत के कलाकारों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के आयोजनकर्ता सुनील सागर और शंकर वैष्णव ने बताया कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक वीरांगना बिलासा बाई केवट की स्मृति में किया गया। मान्यता है कि बिलासपुर शहर का नाम भी बिलासा बाई के नाम पर पड़ा, इसलिए उनके सम्मान में यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है।
कलाकारों की प्रस्तुति पर झूमे दर्शक
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग छालीवुड से जुड़े कई प्रसिद्ध कलाकार पहुंचे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान कलाकारों ने गीत और नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
छत्तीसगढ़ी फिल्म निर्माता और निर्देशक सतीश जैन की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही। वहीं गायक नितिन दुबे के लोकप्रिय गीत “रायगढ़ वाला मैं राजा” की धुन पर दर्शक झूमते नजर आए। इसके अलावा कलाकार प्रदीप शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, रजनीश झांझी, दीपक साहू, मनीष स्टार, हिरेश सिन्हा, चंपा निषाद, विजय गुमगांवकर, सुनील सोनी, प्रदीप सोनी, धर्मेश यादव, विकास उन्नति सहित कई कलाकार कार्यक्रम में शामिल हुए।
इन कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया और लोग देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
200 से अधिक लोगों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान फिल्म जगत, मीडिया, समाज सेवा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले करीब 200 लोगों को अवॉर्ड और रत्न देकर सम्मानित किया गया। इसमें बस्तर, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग, भिलाई, रायपुर, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, बेमेतरा, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर, सरगुजा और बिलासपुर सहित कई जिलों से आए कलाकारों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
समाजसेवियों को भी मिला मंच
स्थानीय स्तर पर समाज सेवा करने वाले लोगों को भी सम्मान दिया गया। इसमें चकरभाठा थाना के पुलिसकर्मी सतपुड़ा जांगड़ा, समाजसेवी ईश्वर यादव, पत्रकार कौशलेंद्र सारथी, लक्ष्मण पाल, आरके ज्वैलर्स टीम, प्रहलाद यादव, महेश कौशिक, भुवनेश्वर कौशिक, परदेसी ध्रुवंशी, सुरजीत सिंह, पूरन साहू, जगमोहन यादव, भुवनेश्वर रजक, पवन शर्मा, मनोज अग्रवाल और संतोष पटले सहित कई लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धरमलाल कौशिक (विधायक, बिल्हा) सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज के प्रमुख लोग उपस्थित रहे। अतिथियों के हाथों कलाकारों और समाजसेवियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
यादगार बना कार्यक्रम
कार्यक्रम के अंत में कलाकारों ने मंच पर छत्तीसगढ़ी फिल्मी गीतों पर सामूहिक प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शक भी झूमते नजर आए। कार्यक्रम में पहुंचे कलाकारों के साथ लोगों ने सेल्फी ली और फोटो भी खिंचवाए।
चकरभाठा क्षेत्र के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत के कलाकार एक मंच पर नजर आए। यह आयोजन क्षेत्र के लिए एक यादगार सांस्कृतिक कार्यक्रम बन गया।



No comments:
Post a Comment