होली के मद्देनजर बिलासपुर में यातायात नियमों पर सख्ती: 711 नशेड़ी वाहन चालक पकड़े गए
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिलासपुर। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शराब सेवन कर नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 711 से अधिक वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और जन-सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे तथा समस्त पर्यवेक्षण अधिकारियों के पर्यवेक्षण में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस द्वारा की गई समीक्षा में यह तथ्य सामने आया है कि शाम 6 बजे से रात्रि 12 बजे के बीच सड़क दुर्घटनाओं की संख्या सर्वाधिक रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस समयावधि में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चालन, शराब एवं नशे का सेवन कर वाहन चलाना, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग न करना शामिल है। इन कारणों से होने वाली दुर्घटनाओं में जान गंवाने की संभावना अधिक रहती है।
यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा जनवरी माह से अब तक शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 711 से अधिक चालकों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर सभी प्रकरण माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं, जहां आरोपियों पर भारी जुर्माना लगाया गया है। वहीं बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर नियमित रूप से चालानी कार्रवाई कर समन शुल्क वसूला जा रहा है। इसके अतिरिक्त ITMS प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।
होली पर्व को देखते हुए शहर में विभिन्न स्थानों पर स्टॉपर एवं चेकिंग प्वाइंट लगाकर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाने, स्टंट करने, हुड़दंग, ट्रिपल सवारी, गलत नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर व प्रेशर हॉर्न के उपयोग, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांति, सौहार्द और संयम के साथ मनाएं तथा वाहन चलाते समय यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।


No comments:
Post a Comment