युवाओं के लिए सुनहरा अवसर : 19-20 फरवरी को जिला स्तरीय स्वरोजगार मेला, संभाग स्तरीय मे 1700 युवा हुए थे शामिल
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिलासपुर, 19 फरवरी 2026/ जिले के युवाओं, उद्यमियों एवं स्वरोजगार के इच्छुक नागरिकों के लिए दो दिवसीय जिला स्तरीय स्वरोजगार मेला का आयोजन 19 एवं 20 फरवरी 2026 को सवेरे 10 बजे से देवकीनंदन दीक्षित सभागार लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में किया जा रहा है। इस मेले में राज्य शासन की छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत उद्योग एवं सेवा इकाइयों को स्थापना पूर्व तथा स्थापना पश्चात प्रदान किए जाने वाले विभिन्न अनुदान एवं रियायतों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उद्योग विभाग द्वारा संचालित केंद्र शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना (PMFME) के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा खादी ग्रामोद्योग के अधिकारी भी उपस्थित रहकर अपने-अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी देंगे। बैंकिंग क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न ऋण योजनाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्रदान करेंगे। जिले के प्रमुख चार्टर्ड अकाउंटेंट्स द्वारा उद्योग/व्यवसाय प्रारंभ करने, विभागीय लाइसेंस, पंजीयन, खाता संधारण एवं कर संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। रायपुर से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम संस्थान, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना तथा स्टार्ट-अप योजनाओं के विशेषज्ञ भी मेले में शामिल होंगे। मेले की विशेषता यह रहेगी कि विभागीय योजनाओं से लाभान्वित सफल उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे नए उद्यमियों को प्रेरणा एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन मिलेगा। जिले के युवक-युवतियों एवं स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस मेले में भाग लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें एवं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में पहल करें।
संभाग स्तरीय रोजगार मेला : युवाओं का उत्साह, 1700 से अधिक युवा हुए शामिल 621 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन,युवाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का जताया आभार
बिलासपुर,13 फरवरी, 2026/राज्य सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित संभाग स्तरीय रोजगार मेले में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया। संभाग के सभी जिलों से 1700 से अधिक युवाओं ने ऑनलाइन पंजीयन कराया, जिनमें से 1600 से अधिक अभ्यर्थी मेले में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित हुए। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया संपन्न की गई। प्रारंभिक चरण में 1000 से अधिक युवाओं का विभिन्न पदों के लिए चयन किया गया, वहीं 621 युवाओं का अंतिम चयन विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा किया गया। नौकरी पाकर युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। चयनित युवाओं ने कहा कि यह रोजगार मेला उनके करियर की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ है।
संभाग स्तरीय रोजगार मेले में 24 प्रतिष्ठित नियोक्ता कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों ने वित्त, कृषि, प्रबंधन, मेडिकल एवं फार्मेसी, सोलर एनर्जी, टेक्सटाइल उद्योग, सर्विस एवं टेक्निकल, मैन्युफैक्चरिंग, सिक्योरिटी सर्विस, इंश्योरेंस, ऑटोमोबाइल तथा ज्वेलरी जैसे विविध क्षेत्रों में लगभग चार हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया की गई। युवाओं ने इस वृहद रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रोजगार मेले में श्री अमरचंद पहारे (डिप्टी डायरेक्टर, प्रवर्तन कक्ष, रोजगार), श्री पी.एस. तिग्गा (डिप्टी डायरेक्टर, जिला रोजगार कार्यालय), आईटीआई कोनी एवं लाइवलीहुड कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उन्हें साक्षात्कार प्रक्रिया एवं रोजगार संबंधी आवश्यक जानकारियां दीं।

No comments:
Post a Comment