जिलेभर में व्यापक रात्रि कांबिंग गश्त, 126 वारंटी व 11 फरार आरोपी गिरफ्तार, करीब 300 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया अभियान में हिस्सा
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिलासपुर, 11 फरवरी 2026। जिले में अपराध नियंत्रण, वारंट तामिली तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा व्यापक रात्रि कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर के निर्देशन में 10 फरवरी 2026 की रात्रि जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में एक साथ यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान में लगभग 300 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की सहभागिता रही। गठित टीमों द्वारा संभावित ठिकानों, संदिग्ध स्थलों, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थानों तथा वारंटियों के निवास स्थानों पर सघन जांच एवं दबिश दी गई।
कांबिंग गश्त के दौरान कुल 126 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 50 स्थाई वारंटी एवं 76 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इसके साथ ही विभिन्न गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालयीन प्रक्रिया हेतु अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस द्वारा निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा एवं बदमाशों की सघन चेकिंग कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया तथा वैधानिक चेतावनी दी गई। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 10 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान एक प्रकरण में एक व्यक्ति के कब्जे से धारदार हथियार बरामद होने पर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। वहीं, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना मृत्यु को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पिछले एक सप्ताह में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 105 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
इस पूरे अभियान में समस्त थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों, पेट्रोलिंग स्टाफ एवं विशेष टीमों ने समन्वित और योजनाबद्ध ढंग से कार्रवाई की।
पुलिस की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। वारंटियों, फरार आरोपियों, अवैध गतिविधियों अथवा संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। अपराधियों के विरुद्ध सख्त और निरंतर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

No comments:
Post a Comment