बिलासपुर में ‘प्रहार अभियान’ का असर, 140 आरोपी गिरफ्तार, 5 के पास से हथियार बरामद
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘प्रहार अभियान’ के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में पुलिस ने तड़के कॉम्बिंग गश्त करते हुए जिलेभर से 140 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई 04/05 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई। अभियान को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर, ग्रामीण एवं ACCU) के निर्देशन में CSP और SDOP के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों द्वारा अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में 30 स्थायी वारंटी, 69 गिरफ्तारी वारंटी, 23 फरार आरोपी और 6 संदिग्ध गुंडा/निगरानी बदमाश शामिल हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
कॉम्बिंग गश्त और चेकिंग के दौरान थाना तोरवा, सिविल लाइन, कोनी एवं चकरभाठा क्षेत्रों से 5 आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से चालू और धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से प्रकरण दर्ज किया है।
इसके अलावा, जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 03 और 04 जनवरी 2026 को विशेष अभियान चलाकर आम नागरिकों से प्राप्त 248 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया। इनमें 125 सामान्य (सादरी) शिकायतें और 123 स्थानीय शिकायतें शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे सतत अभियानों से जिले में अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है और आम नागरिकों में सुरक्षा, विश्वास और कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत हो रहा है।

No comments:
Post a Comment