महिला को आधा किमी तक घसीट ले गया बाघ, खून व टूटी चूड़ियों से चला पता, फिर...
'हमसफर मित्र न्यूज'
सल्ट (अल्मोड़ा) : कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) से लगे कूंपी गांव के जंगल में बाघ ने महिला को मार डाला। हमला करने के बाद बाघ उसे करीब आधा किमी दूर तक घसीट ले गया। ग्रामीणों ने शाम को महिला की तलाश तेज की तो शाल के वन क्षेत्र में उसका क्षत विक्षत शव बरामद कर लिया गया। विभागीय अधिकारियों ने मौका मुआयना कर बाघ पर नजर रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है। दोबारा मानव वन्यजीव टकराव की आशंका में ग्रामीणों को भी सतर्क कर दिया गया है। वहीं पिछले महीने हल्द्वानी में पुरुष व महिला को बाघ ने मार डाला था।
घटना विकासखंड के मरचूला के पास कुंपी गांव से कुछ दूर सीटीआर व कालागढ़ रेंज की सीमा की है। महेश सिंह की 59 वर्षीय पत्नी गुड्डी देवी मंगलवार को सुबह 11 बजे गांव से कुछ दूर खेतों में मवेशियों के लिए घास काटने गई थी। तभी शाल के जंगलात में कुर्री घास की झाडिय़ों में पहले से ही घात लगाए बैठे बाघ ने गुड्डी देवी पर हमला कर दिया। मौके पर खून बिखरा पड़ा था। महिला को आधा किमी दूर तक घसीट ले जाने के बाद ने शरीर का बड़ा हिस्सा खा लिया था।
इधर दोपहर तक भी गुड्डी देवी घर न लौटी तो स्वजनों की चिंता बढ़ी। एक बार तलाश के बाद शाम को दोबारा ढूंढा गया। जंगल में आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब न मिला तो गांव की महिलाएं और बच्चे भी तलाश में जुट गए।
खून व टूटी चूडिय़ों से पहुंचे शव तक
बाघ जिस रास्ते से गुड्डी देवी को घसीट कर ले गया था, वहां जगह जगह खून बिखरा था। चूडिय़ां टूट कर गिरी थी। एक स्थान धोती भी पड़ी मिली। इसी आधार पर ग्रामीण उस स्थल तक पहुंच सके, जहां पर बाघ ने उसे क्षतविक्षत हालत में छोड़ दिया था।
पुलिस आने तक जंगल में ही रुक गए लोग
महिला का शव शाम छह बजे के आसपास मिल गया था। मगर सल्ट थाने से पुलिस के पहुंचने की इंतजारी में काफी देर में शव गांव तक लाया जा सका। देर शाम करीब आठ बजे एसआइ गोविंद सिंह व अन्य पुलिस कर्मियों की निगरानी में शव सीएचसी देवायल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा।
खेतों में जाने से रोका था स्वजनों ने
महेश सिंह के रिश्ते में भाई महिपाल सिंह ने बताया कि भाभी (गुड्डी देवी) को पति व अन्य स्वजनों ने दूर जंगल में जाने से मना किया था। मगर वह नहीं मानी और खेतों के पास से ही घास लाने की बात कह निकल पड़ी। मृतका की चार पुत्रियां व एक पुत्र हैं। सभी विवाहित हैं। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। स्वजनों में कोहराम है।
'जागरण' से साभार
No comments:
Post a Comment