एशिया की पहली महिला ट्रक चालक पार्वती आर्य का निधन
'हमसफर मित्र न्यूज'
एशिया की पहली महिला ट्रक चालक होने के नाते राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित पार्वती आर्य का बुधवार शाम को निधन हो गया। वह कांग्रेस में भी सक्रिय रही और विस चुनाव लड़ने के साथ ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष भी रही थी। उनका अंतिम संस्कार 18 नवंबर को होगा।
पार्वती आर्य कुछ महीनों से अस्वस्थ थी। और घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रही थी। बुधवार शाम तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। पार्वती आर्य 11 भाई बहनों में सबसे बड़ी बहन थी। बचपन से ही संघर्ष कर सभी भाई-बहनों को पाल-पोस कर योग्य बनाया। पार्वती आर्य ने 70-80 के दशक में उस समय ट्रक चलाना सीखा जब महिलाएं घर से बाहर निकलकर साइकिल भी नहीं चलाती थी।
एशिया की प्रथम महिला ट्रक चालक होने की उपलब्धि के चलते राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैलसिंह ने उन्हें सम्मान दिया था। पार्वती आर्य दबंग व दृढ़ संकल्पित महिला थी। लंबे समय तक कांग्रेस की राजनीति से भी जुड़ी रही।
संगठन के अनेक पदों पर रही। एक बार कांग्रेस के टिकट पर सुवासरा विस से चुनाव भी लड़ा था पर जीत नहीं पाई। बाद में वह जिपं सदस्य बनी और जिपं उपाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुई। अंतिम यात्रा 18 नवंबर को सुबह 11 बजे सम्राट मार्केट स्थित कालका माता मंदिर के सामने स्थित निवास से निकलेगी।
No comments:
Post a Comment