एक ही परिवार के 4 लोगों की मिली लाश, जानें हत्या या आत्महत्या... - HUMSAFAR MITRA NEWS

Advertisment

Advertisment
Sarkar Online Center

Breaking

Followers


Youtube

Wednesday, October 27, 2021

 

एक ही परिवार के 4 लोगों की मिली लाश, जानें हत्या या आत्महत्या... 

'हमसफर मित्र न्यूज' 


राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के 4 लोगों ने आत्महत्या कर ली है। युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला है। उसकी बीवी और 2 मासूमों की लाश घर के कुएं में पड़ी मिली है। मामला लालबाग थाना क्षेत्र के करमतरा गांव का है।


ये पूरी घटना मंगलवार की है। जब डोमन साहू (32) का परिवार खेत में धान की मिंजाई करने गया था। घर पर डोमन, उसकी पत्नी वेदिका (29) और दोनों बच्चे काव्या (3) और पीयूष (2) ही थे। इसी दौरान पहले वेदिका अपने दोनों बच्चों को लेकर कुएं में कूदी थी। आशंका है कि बीवी के कूदने के बाद ही डोमन ने भी अपने घर से आधा किलोमीटर दूर बने ब्यारे में फांसी लगा ली। ग्रामीण क्षेत्र में ब्यारे धान कटने के बाद रखने वाले क्षेत्र को कहा जाता है। डोमन गांव में अपनी बीवी बच्चे, छोटे भाई और उसकी पत्नी के साथ रहता था। अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।


घर वालों को इस बात की जानकारी तब लगी, जब शाम करीब 5 बजे डोमन के छोटे भाई की पत्नी घर लौटी। खेत से लौटते ही सबसे पहले घर के पीछे मौजूद कुएं में हाथ पैर धोने गई। वहां पंप का पाइप नहीं दिखने से उसने भीतर झांका। तब कुएं के अंदर काव्या का शव उसकी डॉल (खिलौने) के साथ दिखा। यह देखती ही वह हैरान हो गई। काव्या के शव को देखकर वह चीखते हुए बाहर निकली। फिर आसपास के लोगों व परिवार के दूसरे सदस्यों को घटना की जानकारी हुई। वहीं घर पर वेदिका, पीयूष और डोमन भी नहीं थे। इस पर परिजनों ने तलाशी शुरू की तब डोमन का शव उसके ब्यारे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। वेदिका, पीयूष का पता नहीं चल पा रहा था।


डोमन के पड़ोसियों ने बताया कि डोमन काफी सीधा साधा व्यक्ति था। दंपती के बीच किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं है। परिजन ने बताया कि कुएं के करीब 15 फीट नीचे पानी है। पानी निकालने के लिए दो फीट का होल छोड़कर बाकी हिस्सा ढंका हुआ है। आशंका है कि पहले बच्चों को फेंका और उसके बाद स्वयं वेदिका कुएं में कूदी। क्योंकि इतने छोटे से होल से सभी का एक साथ कूदना संभव नहीं है।


इस बात की जानकारी पुलिस को भी दी गई। खबर लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वेदिका, पीयूष का भी पता लगाना शुरू किया। फिर जब पुलिस ने काव्या का शव निकालना शुरू किया तब पीयूष और वेदिका के शव भी कुएं में मिले। डोमन ने 2016 में ही वेदिका से शादी की थी। पुलिस ने डोमन के कमरे की भी तलाश ली है। लेकिन सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। मगर अब तक कोई ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

No comments:

Post a Comment