मुख्यमंत्री ने प्रदेश की पहली सर्वसुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी का किया लोकार्पण
पं. गणेशदत्त राजू तिवारी की रिपोर्ट
'हमसफर मित्र न्यूज'।
बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान नूतन चौक में नगर निगम बिलासपुर की ओर से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट अंतर्गत 6 करोड़ की लागत से तैयार तीन मंजिला सेंट्रल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने सेंट्रल लाइब्रेरी के एक्जीविशन हॉल, फूड कोर्ट, डिजीटल लाइब्रेरी और इन्क्यूबेशन सेंटर का शुभांरभ कर अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड और नगर निगम की ओर से लगाई गई शासकीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि यह राज्य की प्रथम डिजिटल लाइब्रेरीहै। इसमें लोगों को ऑनलाइन पुस्तकों की सुविधा मिलेगी। सेंट्रल लाइब्रेरी से युवाओं को अपने स्टार्ट अप को एक आयाम देने में भी मदद मिलेगी। सर्वसुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी में भूतल पर एक्जीविशन हॉल और कॉन्फ्रेंस हॉल की सुविधा होगी। बिलासपुर सेंट्रल लाइब्रेरी में प्रिंट और डिजिटल कलेक्शन की पुस्तकें उपलब्ध होगी, जो बिलासपुर के छात्रों और पठन प्रेमियों के लिए उपलब्ध होंगे। छात्र डिजिटल लाइब्रेरी से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अध्ययन कर सकेंगे। सेंट्रल लाइब्रेरी में डिजिटल लाइब्रेरी से वेब पोर्टल पर या मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रीमियम सामग्री की उपलब्धता होगी। इसमें असिमित डाउनलोड की भी सुविधा रहेगी। सभी प्रकार के मोबाईल फोन, टेबलेट, डेस्कटाप, लैपटाप में पढ़ने योग्य और स्मार्ट क्लास रूम की सुविधा है। बिलासपुर शहर के स्कूल और कॉलेज भी लाइब्रेरी की सदस्यता लेकर कैम्पस के भीतर अपने स्वंय की क्रियाशीलता और रचनाओं का प्रदर्शन कर सकते हैं। मुद्रित पुस्तकें, स्मार्ट बुक्स, प्रतियोगिता परीक्षाओं से संबंधित जानकारी हासिल कर सकेंगे। एक्टिव ई बुक्स, लैग्वेंज लर्निंग ई बुक्स, हिन्दी और अंग्रेजी की पुस्तकें, प्रसिद्ध नोबल पुरस्कार विजेताओं की पुस्तकें, मनोरंजन, खेल, इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी, कला और विज्ञान, इतिहास, कानून और राजनीति आदि से संबंधित पुस्तकें लाईब्रेरी में मौजूद होगी।


No comments:
Post a Comment