लोकभवन के सामने आत्मदाह की कोशिश, दोनों बच्चों पर डाल दिया मिट्टी तेल
'हमसफर मित्र न्यूज'।
लखनऊ, 19 अक्टूबर सोमवार। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से आई महिला के आत्मदाह मामला अभी सिर्फ एक हफ्ता ही बीता होगा कि आज फिर राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित लोकभवन के सामने एक परिवार ने आत्मदाह की कोशिश की। परिवार ने अपने 10 और 12 साल के बच्चों पर पहले मिट्टी का तेल डाला फिर खुद को गीला किया। और उसके बाद आग लगाने की कोशिश की। पर लखनऊ पुलिस की मुस्तैदी से आत्मदाह का हादसा होते होते बच गया। हजरतगंज पुलिस ने परिवार को हिरासत में ले लिया है।
हिरासत में लेने के बाद जब पुलिस ने परिवार से पूछताछ की तो पीड़ित परिवार ने बताया कि पुलिस दुकान के विवाद में उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। दबंग उन्हें परेशान कर रहे हैं लेकिन पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। आत्मदाह करने वालों में सलीम (10 वर्ष) और अजीज (12 वर्ष) नाम के दो बच्चे भी थे। परिवार बाराबंकी का रहने वाला है और प्रशासन से न्याय की मांग कर रहा है।
एक सप्ताह पहले एक महिला ने लोकभवन के पास ही भाजपा कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लिया था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मामले में कई गिरफ्तारियां की गई हैं।


No comments:
Post a Comment