अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 2 की मौके पर मौत, कई घायल - HUMSAFAR MITRA NEWS

Advertisment

Advertisment
Sarkar Online Center

Breaking

Followers


Youtube

Thursday, October 29, 2020

 

अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 2 की मौत कई घायल 

'हमसफर मित्र न्यूज'। 

मेरठ, 29 अक्टूबर गुरुवार। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र में आज सुबह एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। घटना के चलते मकान में रखा सिलेंडर भी फट गया। हादसे में गृह स्वामी व कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष सहित दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई मकानों का लेंटर गिरने से मलबे के नीचे दबकर दर्जनों लोग घायल हो गए। आला अधिकारी रेस्क्यू टीम के साथ राहत कार्य में जुटे हुए हैं।

   मिली जानकारी के अनुसार कस्बे के मोहल्ला पीर जादगान में रहने वाला आसिम कांग्रेस का पूर्व नगर अध्यक्ष था। कस्बावासियों के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 9 बजे आसिम के मकान में तेज धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास का पूरा इलाका दहल उठा और कई मकानों के लेंटर गिर गए। वहीं, कई मकानों में दरार आ गई। घटना के चलते क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

   घटना की जानकारी के बाद आला अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस और क्षेत्रवासियों ने घंटों मशक्कत करते हुए मलबे के नीचे दबे लगभग डेढ़ दर्जन लोगों को बाहर निकलवाकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि हादसे में मकान मालिक आसिम और उससे मिलने आए दोस्त कासिम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

   क्षेत्राधिकारी सरधना आरपी साही के मुताबिक प्रथम दृष्टया धमाके का कारण मकान में रखा सिलेंडर फटना बताया जा रहा है। हालांकि क्षेत्र में चर्चा है कि मकान में अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। पहले पटाखों में धमाका हुआ और इसके बाद सिलेंडर फटा है। हालांकि अभी पुलिस ऐसी कोई पुष्टि नहीं कर रही है। उधर, घटना के बाद कस्बे में हड़कंप मचा हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय आसिम का परिवार मेरठ में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था जिसके चलते हादसे में और जान जाने से बच गईं।

No comments:

Post a Comment