बिल्हा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चाकू की नोक पर महिला से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी गिरफ्तार
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिल्हा, 14 अप्रैल। थाना बिल्हा क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अपराध क्रमांक 200/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 13 अप्रैल 2026 को थाना बिल्हा में उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। शिकायत में बताया गया कि 26 मार्च 2026 की रात्रि लगभग 2 बजे आरोपी मुकेश कुमार ढीमर (उम्र 23 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 बिल्हा, घर में घुसकर चाकू की नोक पर पीड़िता के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया तथा जान से मारने की धमकी दी।
रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में एक टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद 14 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तारी कर परिजनों को सूचित किया गया तथा आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।

No comments:
Post a Comment