छत्तीसगढ़: होली पर हुड़दंग रोकने पुलिस का सख्त एक्शन, 3 बदमाश गिरफ्तार, चाकू बरामद
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
राजनांदगांव | होली पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों के खिलाफ की गई कार्रवाई में तीन हुड़दंगबाजों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जिनके कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
लालबाग थाना पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में ग्राम पेंड्री में दबिश दी। यहां राजू साहू (33 वर्ष) नामक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया और उसके पास से चाकू जब्त किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
वहीं, घुमका थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने होली के दौरान अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे दो युवकों पर कार्रवाई की। एसडीओपी डोंगरगांव मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में पेट्रोलिंग टीम ने घुमका चौक के पास नशे की हालत में हंगामा कर रहे गणेश यादव (28) और दुर्गेश निषाद (19) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी ग्राम घुमका के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ BNSS की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


No comments:
Post a Comment