महतारी एक्सप्रेस के 8 वर्ष पूरे:3.39 लाख महिलाओं, बच्चों को समय पर मिला इलाज
'पं. गणेशदत्त राजू तिवारी' की रिपोर्ट
'हमसफर मित्र न्यूज'
बिलासपुरः102 महतारी एक्सप्रेस ने सुदूर अंचलों तक पहुंचकर लाखों जिंदगियां बचाई हैं। गांव और शहर के बीच एंबुलेंस में ही कई बच्चों का जन्म हुआ और किलकारी गूंजी। राज्य के साथ बिलासपुर में इस योजना को अब 8 साल पूरे हो चुके हैं। बिलासपुर जिले में इन आठ वर्षों में 102 महतारी एक्सप्रेस से 3 लाख 39 हजार 553 महिलाओं और बच्चों को इलाज के लिए सुरक्षित अस्पताल और इलाज के बाद वापस घर तक पहुंचाया है। छत्तीसगढ़ शासन ने गर्भवती महिलाओं के लिए 102 महतारी एक्सप्रेस एंबुलेंस की शुरुआत 23 अगस्त 2013 से की थी।
21 एंबुलेंस के साथ बिलासपुर से शुरू हुई यह योजना धीरे-धीरे पूरे प्रदेश तक पहुंच गई। योजना का महत्व बढ़ता गया। वर्तमान में प्रदेश में 324 एंबुलेंस चल रही हैं। 24 घंटे 365 मरीजों की सेवा में लगी हैं। अभी बिलासपुर में 17 महतारी एंबुलेंस चल रही हैं। किसी भी प्रकार के प्रसव संबंधी सहायता, प्रसव पूर्व जांच, नसबंदी या एक वर्ष तक के बीमार नवजात शिशुओं को नि:शुल्क उपचार के लिए 102 सेवा का लाभ 102 नंबर पर काल ले सकते हैं।
2 लाख महिलाओं को प्रसव तो 28 हजार बच्चों को इलाज
जिले की 97 हजार 401 गर्भवती महिलाओं को अब तक महतारी के माध्यम से घर से अस्पताल तक पहुंचाया गया। 1 लाख 18 हजार 93 महिलाओं को प्रसव के बाद अस्पताल से घर तक छोड़ा। 28 हजार 781 नवजात शिशुओं को स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई। 68 गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए लाए। इसके साथ ही 25 हजार 195 गर्भवती और शिशुओं का उच्च स्तरीय इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
कोरोना संक्रमित 11601 गर्भवती महिलाओं को पहुंचाया अस्पताल
कोविड -19 महामारी में भी संक्रमित गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को 102 एंबुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल तक पहुंचाया गया। मई 2020 से जुलाई-2021 तक कुल-11601 कोरोना संदेही और संक्रमित गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं का इलाज होने के बाद एंबुलेंस से अस्पताल और कोविड केयर सेंटर तक पहुंचाया गया। इस जटिल परिस्थतियों में भी 102 में काम करने वाले कर्मचारियों ने काम किया।


No comments:
Post a Comment