किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के लिए जरूरी हैं ये 10 सवाल, जवाब क्या हैं जान लीजिए
गणेशदत्त राजू तिवारी की रिपोर्टः
'हमसफर मित्र न्यूज'।
11 करोड़ 74 लाख किसान अब तक किसान सम्मान निधि योजना के साथ जुड़ चुके हैं। इन्हें सालाना 6 हजार रुपए का लाभ मिलता है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत केन्द्र सरकार देश के किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही हैं। इस योजना के तहत सरकार अब तक 2000-2000 रुपये की 7 किस्तें जारी कर चुकी है। इस योजना की 8वीं किस्त इस महीने के अंत तक जारी होगी। किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सालाना 6000 रुपये दिए जाते हैं। बड़ी संख्या में किसान इस योजना से जुड़ रहे हैं। इनकी संख्या अब 11 करोड़ 74 लाख तक पहुंच गई है। अगर आप इस योजना का लाभ ले रहें हैं या इसका लाभ लेना चाहते हैं तो इन 10 सवालों के जवाब जानना आपके लिए बहुत जरूरी है।
1. किसको मिल रहा है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत केवल उन्हीं किसानों को फायदा मिलता है जो इनकम टैक्स के दायरे से बहार हैं। अगर कोई इनकम टैक्स देता है तो उसे पीएम किसान सम्मान का लाभ नहीं मिलेगा।
2. क्या जमीन अपने नाम पर होना जरूरी है
पीएम किसान सम्मान स्कीम का लाभ लेने के लिए आपके नाम पर कृषि योग्य जमीन होना जरूरी है। पुश्तैनी जमीन में हिस्सेदारी रखने वालों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
3. अप्लाई करने का तरीका क्या है
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए आप घर बैठे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। पंचायत सचिव, पटवारी या स्थानीय कॉमन सर्विस सेंटर के जरिये भी इस योजना के लिए अप्लाई किया जा सकता हैं।
4. लिस्ट में नाम कैसे चेक करें
अगर आप इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं तो पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जाएं। यहां आपको Farmers Corner का ऑप्शन दिखाई देगा। इसमें जाकर Beneficiaries List के ऑप्शन पर क्लिक करें। अब ड्रॉप डाउन लिस्ट से राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव सेलेक्ट करें। अब आपके सामने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पात्र आपके गांव के सभी लोगों का नाम दिखाई देगा। इसमें आपका नाम भी शामिल होगा।
5. कब आती है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की पहली किस्त 1 अप्रैल से 31 जुलाई, दूसरी किस्त 1 अगस्त से 30 नवंबर और तीसरी किस्त 1 दिसंबर से 31 मार्च के बीच आती है। ये किस्तें किसानों के खाते में सीधे ट्रांसफर कर दी जाती है।
6. कई बार किस्त अटक जाती है, ऐसा क्यों
सरकार की तरफ से फंड जारी होने के बाद भी कुछ किसानों के अकाउंट में पैसे नहीं पहुंचते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह आपके आधार, अकाउंट नंबर और बैंक अकाउंट नंबर में गलती का होना हो सकता है। इसके अलावा बैंक खाते के नाम और आधार कार्ड पर दर्ज नाम की स्पेलिंग में मिसमैच करना या फिर गलत IFSC कोड का भरने से भी किस्त के पैसे रुक जाते हैं।
7. अगर कोई जानकारी गलत है तो उसे कैसे सुधारें
अगर आपके अप्लीकेशन और आधार में अलग-अलग नाम लिखे हैं तो आप इसे ऑनलाइन ठीक कर सकते हैं। आप ऑफिशियल वेबसाइट (https://pmkisan.gov.in/) पर जाकर पूरा प्रोसेस जान सकते हैं।
8. हेल्पडेस्क के जरिए क्या मदद मिलती है
हेल्पडेस्क के जरिए आप अपना अकाउंट खोल सकते है। इसके अलावा आधार नंबर, अकाउंट नंबर और मोबाइल नंबर में जो भी गलतियां हैं, उन्हें सुधार सकते हैं।
9. पैसे नहीं मिल रहे तो कहां करें शिकायत
अगर आपके खाते में पीएम किसान की किस्त नहीं आ रही है तो आप सबसे पहले अपने क्षेत्र के लेखपाल और कृषि अधिकारी से संपर्क करें। अगर आपकी बात ये लोग नहीं सुनते हैं तो आप पीएम किसान हेल्प डेस्क के ई मेल pmkisan ict@gov.in पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 011 23381092 हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर सकते हैं।
10. कब तक मिलेगी आठवीं किस्त
सूत्रों की मानें तो सरकार इस महीने के अंत तक किसानों के अकाउंट में अगली किस्त डाल देगी। पहले राज्य सरकार RFT साइन करेंगी। इसके बाद FTO जेनरेट होगा। इसके बाद ही किसानों के खातों में 8वीं किस्त पहुंचेगी।


No comments:
Post a Comment