महिला के गले से चेन छीनकर भागा बाइक सवार
पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस जुर्म दर्ज कर लुटेरे की तलाश कर रही है
पं. गणेशदत्त राजू तिवारी की रिपोर्ट
'हमसफर मित्र न्यूज'।
बिलासपुरः राजकिशोर नगर में महिला के गले से चेन लूटकर बाइक सवार युवक भाग गया। साथ ही शोर मचाने पर महिला को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस जुर्म दर्ज कर लुटेरे की तलाश कर रही है।
सरकंडा क्षेत्र के राजकिशोर नगर निवासी रेणु वाजपेयी(58 वर्ष) गृहिणी हैं। उनके पति अरविंद वाजपेयी एसईसीएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। शुक्रवार की दोपहर दो बजे वे अपने घर से अनाथ आश्रम की ओर किराना दुकान सामान खरीदने जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार युवक आया और झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन छीनकर भागने लगा। साथ ही शोर मचाने पर महिला को जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आसपास के लोग लुटेरे युवक के पीछे गए।
इस दौरान युवक तेजी से बाइक चलाते हुए भाग निकला। महिला ने घर लौटकर घटना के संबंध में परिवार वालों को बताया। इसके बाद उन्होंने सरकंडा थाने में मामले की शिकायत की है। महिला ने पुलिस को बताया कि युवक 18-20 साल का है। लुटेरे ने आसमानी कलर का शर्ट व नीले कलर की पेंट पहनी थी। महिला की शिकायत पर पुलिस आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ले रही है।आसपास नहीं है सीसीटीवी कैमरे।
घटना की सूचना पर सरकंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। इस दौरान पता चला कि घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इसके बाद पुलिस ने मुख्य मार्ग के आसपास के सीसीटीवी के फुटेज लिए हैं। युवक ने नारंगी रंग का गमछा मुंह में बांध रखा था। इससे महिला लुटेरे युवक का चेहरा नहीं देख पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी लेकर लुटेरे युवक का सुराग ढूंढ रही है।


No comments:
Post a Comment