बिलासपुर - रायपुर एनएच पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर, 5 की मौत, 29 घायल - HUMSAFAR MITRA NEWS

Advertisment

Advertisment
Sarkar Online Center

Breaking

Followers


Youtube

Friday, March 6, 2026

 


बिलासपुर - रायपुर एनएच पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर, 5 की मौत, 29 घायल

'हमसफ़र मित्र न्यूज' 


रायपुर/बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे (NH-130) पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। सिमगा थाना क्षेत्र के दरचूरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 यात्री घायल हो गए।

हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ, जब बिलासपुर की ओर जा रही यात्री बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे कई यात्री अपनी सीटों पर ही फंस गए और बस में चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने दिखाया साहस, बचाई कई जिंदगियां

दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। स्थानीय लोगों ने कांच तोड़कर और दरवाजे खोलकर कई घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तत्काल सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

मृतकों में बुजुर्ग, युवती और मासूम बच्ची शामिल

इस भीषण दुर्घटना में 5 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है –

त्रिवेणी साहू (62) निवासी बाबा मोहतरा, जिला बेमेतरा

दशरथ साहू (80) निवासी बाबा मोहतरा, जिला बेमेतरा

राधिका निर्मलकर (24) निवासी बेतर

खुशी साहू (2 वर्ष) निवासी बाबा मोहतरा, बेमेतरा

अज्ञात युवती (लगभग 18 वर्ष) – जिनकी मौत इलाज के दौरान रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में हुई

हादसे में मासूम बच्ची की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

29 यात्री घायल, कई की हालत गंभीर

दुर्घटना में कुल 29 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल (मेकाहारा) रेफर किया गया है।

घायलों में जानकी निषाद, अवधराम निषाद, ईश्वरी साहू, राजकुमार निषाद, सरोजनी साहू, योगिता साहू, दिलेश्वर डहरिया, प्रमिला डहरिया, संदीप, सुनील, जानवी, मनोज साहू सहित कई अन्य यात्री शामिल हैं।

ट्रक चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह हो सकती है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

हाईवे पर बढ़ रहे हादसे

रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और लापरवाह ड्राइविंग के कारण आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं हो रही हैं।



No comments:

Post a Comment