झारखंड में बंधक बनाए गए 16 श्रमिक सकुशल लौटे बिलासपुर, कलेक्टर की त्वरित कार्रवाई ने दिलाई आज़ादी, मारपीट और छेड़छाड़ से थे परेशान
'हमसफ़र मित्र न्यूज'
बिलासपुर, 11 दिसंबर 2025। साप्ताहिक जनदर्शन में मिली एक गंभीर शिकायत पर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के कारण झारखंड के सेमडेगा जिले में बंधक बनाए गए 16 श्रमिकों तथा दो बच्चों को सुरक्षित रूप से मुक्त कराकर उनके गृह ग्राम तक पहुँचाया गया। सभी श्रमिक ग्राम सरगवाँ (मस्तूरी) के रहने वाले हैं।
जनदर्शन में उठा दर्द – अमानवीय परिस्थितियों में थे श्रमिक
दिनांक 09 दिसंबर 2025 को जनदर्शन में ग्राम सरगवाँ निवासी श्री अमित कुमार मधुकर ने कलेक्टर को बताया कि उनके गांव के पुरुष-महिला श्रमिकों और दो बच्चों को ईंट भट्ठे पर बंधक बनाकर जबरन काम कराया जा रहा है।
श्रमिकों के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और जबरन श्रम जैसी अमानवीय घटनाओं की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने इसे अत्यंत गंभीर मानते हुए तत्काल श्रम विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए।
श्रम विभाग की त्वरित कार्रवाई
श्रम विभाग ने तत्काल शिकायत को संज्ञान में लेते हुए संबंधित लेबर ठेकेदार नीलकंठ अंबेडकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
इसके साथ ही विभाग ने आगामी दिनों में माननीय श्रम न्यायालय में अभियोजन की प्रक्रिया प्रारंभ करने की तैयारी भी शुरू कर दी है।
दो राज्यों का समन्वय—श्रमिक हुए आज़ाद
बिलासपुर जिला प्रशासन ने झारखंड के सेमडेगा जिला प्रशासन से निरंतर संपर्क बनाकर श्रमिकों की सुरक्षा और मुक्ति के लिए आवश्यक कदम उठाए।
संयुक्त कार्रवाई के परिणामस्वरूप 10 दिसंबर की सुबह सभी श्रमिकों को बंधन से मुक्त कर ग्राम सरगवाँ, मस्तूरी में सुरक्षित पहुंचा दिया गया।
सुरक्षित घर वापसी—श्रमिकों ने जताया आभार
सुरक्षित लौटे श्रमिकों ने कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, श्रम विभाग और दोनों जिलों के प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्वरित सरकारी हस्तक्षेप न होता तो वे आज भी बंधन की अमानवीय स्थिति में फंसे रहते।
इस संवेदनशील मामले में जिला प्रशासन की तेज, संवेदनशील और समन्वित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
'हमसफ़र मित्र न्यूज' में सस्ते में विज्ञापन देने के लिए व्हाट्सएप करें - 9009153712
विज्ञापन दर >
1 दिन - 200 ₹
3 दिन - 500 ₹
1 सप्ताह - 700 ₹
15 दिन - 1000 ₹
1 महीना - 1500 ₹
आफर सिमित समय के लिए।
समाचार प्रकाशित के लिए - 50 ₹ (एक समाचार)
विज्ञापन हर समाचार के नीचे प्रकाशित किया जाएगा।
जन्मदिन /शादी की सालगिरह /कारोबार आदि सभी प्रकार के विज्ञापन लिया जाता है।


No comments:
Post a Comment