कुत्ते को जहर देकर मारकर किया परीक्षण, फिर परिवार सहित जहर पी लिया
'हमसफर मित्र न्यूज'
भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के न्यू अशोक विहार कॉलोनी आनंद नगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मैकेनिक ने अपनी दो बेटियां, पत्नी और मां के साथ जहर पीकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। हालांकि सभी को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 12 घंटे बाद मैकेनिक की नाबालिग बेटी और मां की मौत हो गई। बता दें कि परिवार ने खुदकुशी करने से पहले जहर का ट्रायल कुत्ते पर किया। जब कुत्ते की मौत हो गई तो कोल्ड ड्रिंक्स में जहर मिलाकर खुद और पूरे परिवार को पिला दिया।
खुदकुशी करने वालों में 47 वर्षीय मैकेनिक संजीव, उनकी 67 वर्षीय मां नंदनी जोशी, 45 वर्षीय पत्नी अर्चना, 19 वर्षीय बड़ी बेटी ग्रिश्मा जोशी और 16 वर्षीय छोटी बेटी पूर्वी जोशी शामिल हैं। जिनमें से मैकेनिक की मां और बेटी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। खुदकुशी करने से पहले उन्होंने दीवार पर एक सुसाइड नोट भी लिखा है और वीडियो भी बनाया। सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि वह मजबूरी में यह कदम उठा रहे हैं। उन्हें इंसाफ चाहिए।
वहीं सुसाइड नोट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। इस वीडियो के सामने आने के बाद जब पुलिस उनके घर पहुंची तो सभी गंभीर हालत में पड़े हुए थे। एएसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि गुरुवार की रात को एक वीडियो सामने आया। इसमें एक परिवार के सुसाइड किये जाने की बात थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पिपलानी पुलिस को मौके पर भेजा गया।
मरने के पहले संजीव और उनके परिवार ने घर की सभी दीवारों पर सुसाइड नोट लिखा है। इसमें हमें इंसाफ चाहिए से लेकर हम वापस आएंगे तक की बात लिखी है। हम मजबूर हैं कायर नहीं। हमारे हाथ का कलेवा न खोले। हमारी मौत के लिए यह जिम्मेदार हैं। इस तरह से घर की सभी दीवारों पर लिखा गया है। इसका उन्होंने वीडियो बनाया। इसमें परिवार के साथ घर के अंदर बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो में मारे हुए कुत्ते को भी दिखाया गया है। लिखे नाम की पुलिस जांच कर रही है। इसमें एक नाम बबली का आ रहा है।
No comments:
Post a Comment