लॉकडाउन में छूटा था काम:दुकान में झगड़े के बाद मालिक के अपार्टमेंट गई युवती, चार मंजिल से गिरकर हुई मौत
पं. गणेशदत्त राजू तिवारी की रिपोर्ट
'हमसफर मित्र न्यूज'
बिलासपुरः ग्रीनपार्क स्थित चार मंजिला गोल्डन ओक अपार्टमेंट की छत से गिरकर युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसने खुदकुशी की या फिर किसी ने उसे धक्का देकर गिराया, यह जांच का विषय है। पुलिस पता लगा रही है। युवती का मोबाइल भी गायब है। इसलिए यह मामला संदिग्ध लग रहा है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शाम 7.30 बजे हुई। जूना बिलासपुर निवासी खुशबू विश्वकर्मा पिता स्व घनश्याम विश्वकर्मा 26 वर्ष दोपहर को अपने घर पर थी। इसके बाद ग्रीन पार्क स्थित गोल्डन ओक अपार्टमेंट की छत से गिरते हुए देखा। जहां पर गिरी वहां बड़ी संख्या में बच्चे खेल रहे थे।
सभी डर गए और अपने अपने घर चले गए। अपार्टमेंट व आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और खुशबू के परिजनों को बुलाया। उनके आने के बाद शव का पंचनामा हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया गया है। पंचानामा के दौरान युवती की जेब से स्कूटी की चाबी मिली। परिजनों की मौजूदगी में स्कूटी की डिक्की खोला गया पर उसमें कुछ नहीं मिला। जहां से वह नीचे गिरी वहां पर भी उसका मोबाइल नहीं मिला।
खुशबू जूना बिलासपुर स्थित अभिषेक इलेक्ट्रॉनिक्स में काम करती थी। इसके संचालक राजेश गुप्ता हैं और वे इसी गोल्डन आेक अपार्टमेंट में रहते हैं। खुशबु के भाई विवेक ने बताया कि करीब 6 साल तक खुशबू ने उस दुकान में काम किया। लॉकडाउन के ठीक पहले उसे काम से निकाल दिया गया था। तब से बेरोजगार थी और काम की तलाश में थी। वह विवेक व मां द्रौपदी के साथ घर रहती थी। विवेक भी एक प्राइवेट दुकान में काम करता है। विवेक के अनुसार गुरुवार की सुबह जब वह काम पर निकला तो खुशबू घर में सो रही थी। दोपहर को लंच के लिए आया तब भी वह घर में मौजूद थी। उसी ने विवेक को खाना निकालकर दिया। विवेक को 7.30 बजे राजेश ने फोन कर जल्दी आने के लिए कहा। वह भागते वहां पहुंचा तो अपार्टमेंट के बाहर लोगों की भीड़ थी।
दुकान संचालक ने कहा-उसे कुछ पता नहीं : इधर इलेक्ट्रानिक दुकान संचालक राजेश ने बताया कि घटना के समय वह घर पर नहीं था। वह दुकान में था। उसकी पत्नी व बच्चे घर पर थे।
परिजनों के अनुसार अफेयर की जानकारी नहीं : सीएसपी स्नेहिल साहू के अनुसार पुलिस ने खुशबू के अफेयर के बारे में उसके परिजनों से पूछताछ की तो सभी ने कहा उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है।
जिस अपार्टमेंट में खुशबू की मौत हुई वहां दुकान संचालक राजेश के अलावा किसी से जान पहचान नहीं था। पुलिस ने अभी दुकान संचालक से संक्षेप में पूछताछ की है। राजेश ने कहा कि उसे कुछ नहीं पता। युवती से उसकी काफी दिनों से मुलाकात नहीं हुई है। वह यहां क्यों आई थी यह भी नहीं जानता। शाम करीब 4 बजे खुशबु स्कूटी से अभिषेक इलेक्ट्रिकल्स गई। बताया जा रहा है यहां उसका दुकान संचालक राजेश से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह चली गई थी। शाम 7 बजे स्कूटी से ग्रीन गार्डन कॉलोनी पहुंची थी।
राजेश गुप्ता जिस ब्लॉक में रहता है उसकी सीढ़ी के पास ही खुशबू की स्कूटी खड़ी मिली। संभव है वह यहीं से उपर गई। इसके बाद संदिग्ध हालत में अपार्टमेंट की छत से नीचे गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवती का मोबाइल गायब है जो गहरी साजिश की ओर इशारा करता है। लोगों का कहना है कि उसने खुदकुशी की है पर उसकी हत्या से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। जिसके पास भी मोबाइल होगा वह दोनों तरह की मौत के लिए किसी न किसी तरह जिम्मेदार होगा। पुलिस कॉल डिटेल से पता लगाएगी कि मरने से पहले उसकी किन लोगों से बातचीत हुई थी।
No comments:
Post a Comment